कलेक्टर मोहित बुंदस के ट्रांसफर के बाद रिलीव होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टरेट परिसर के बाहर और छत्रसाल चौराहे पर जश्न मनाया और पटाखे फोड़े। दरअसल, बुंदस की कार्यशैली से नेता और माफिया का गठजोड़ काफी परेशान था। जिले के सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री से कलेक्टर की शिकायत की थी। चर्चा है कि कार्यकर्ताओं ने जिले के वरिष्ठ नेताओं के कहने पर आतिशबाजी की है। नेताओं को पुराने और नए कलेक्टर दोनों को अपना संदेश देना है।
शुक्रवार की देर शाम ही कलेक्टर का तबादला आदेश जारी हुआ था। भोपाल सचिवालय से स्थानांतरित होकर छतरपुर कलेक्टर बने शीलेंद्र सिंह ने शनिवार की देर शाम 5 बजे अपना पदभार संभाल लिया। कलेक्टरेट कार्यालय में निवर्तमान कलेक्टर मोहित बुंदस ने उन्हें प्रभार सौंपा। इस दौरान शीलेंद्र सिंह ने कहा कि वे बुंदेलखंडी हैं। उन्हें छतरपुर जिले के हालात की जानकारी है। वे मप्र शासन की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए जिले में विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे।
इस दौरान एडीएम प्रेम सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर केके पाठक, तृतीय वर्ग लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ अध्यक्ष विनोद सक्सेना सहित कलेक्टरेट के अन्य अधिकारियों ने नवागत कलेक्टर का स्वागत किया।